Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

3
0

कांवड़ियों के भेष में हरिद्वार पहुंचे थे बदमाश, रेकी के बाद महिला से झपटी सोने की चेन बरामद

हरिद्वार। कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से झपटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूदेव निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश और करण निवासी भजनपुरा, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कांवड़ियों के भेष में हरिद्वार पहुंचे थे और वारदात से पहले कई दिनों तक भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी कर रहे थे। इसके बाद बैरागी कैंप में एक महिला को अकेला पाकर बाइक से पहुंचे और उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

पुलिस को 21 अगस्त को कुश शर्मा निवासी जगजीतपुर की ओर से शिकायत मिली थी कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप में बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पत्नी के गले से चेन झपट ली। शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।

जियापोता के पास दबोचे गए

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को जियापोता के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक कई स्थानों की रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, भूदेव का पहले से आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चेन स्नेचिंग तथा अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पूछताछ पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here