Home राज्य समाचार नई दिल्ली गडकरी के ‘नई पीढ़ी को जिम्मेदारी’ वाले बयान से सियासी हलचल तेज

गडकरी के ‘नई पीढ़ी को जिम्मेदारी’ वाले बयान से सियासी हलचल तेज

3
0

मोदी कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच बयान की अलग-अलग व्याख्या, कार्यालय ने दी सफाई

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एक बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य और मोदी कैबिनेट में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने सार्वजनिक जीवन में अपने तीन दशक से अधिक लंबे सफर का जिक्र करते हुए कहा कि अब नई पीढ़ी को अधिक जिम्मेदारी दिए जाने का समय आना चाहिए।

गडकरी के इस बयान को मोदी कैबिनेट के संभावित विस्तार और फेरबदल से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि, कैबिनेट विस्तार या गडकरी के पद छोड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल इसे राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।

ट्रस्ट के कार्यक्रम में दिया बयान

गडकरी नागपुर के काटोल में आयोजित ‘एकलव्य एकल विद्यालय शिक्षक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण क्लास’ कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने सामाजिक संगठन और उसके कामकाज से जुड़े विषयों पर बात की।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उन्हें 30 साल से अधिक का समय हो चुका है। लगातार तेज गति से काम करने के बाद अब संभव है कि आने वाले समय में वह पहले जैसी गति से काम न कर पाएं। ऐसे में उनका मानना है कि नई पीढ़ी को जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिलना चाहिए।

गडकरी कार्यालय ने साफ किया संदर्भ

बयान के बाद उठी राजनीतिक चर्चाओं के बीच गडकरी के कार्यालय की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया। इसमें कहा गया कि गडकरी की टिप्पणी राजनीति या मोदी मंत्रिमंडल से जुड़ी नहीं थी, बल्कि लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट और उसके अंतर्गत चलने वाले एकल विद्यालयों के भविष्य के नेतृत्व के संदर्भ में थी।

कार्यालय के मुताबिक, गडकरी का कहना था कि वह अब पहले जितना काम नहीं कर सकते और युवाओं को अधिक जिम्मेदारी लेने का अवसर मिलना चाहिए। कार्यालय ने आरोप लगाया कि कुछ चैनलों ने बयान को उसके मूल संदर्भ से अलग करके राजनीतिक टिप्पणी के रूप में प्रस्तुत किया।

पहले भी नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की बात कह चुके हैं

गडकरी इससे पहले भी नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की बात कह चुके हैं। जनवरी में नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने धीरे-धीरे नई पीढ़ी को आगे लाने और जिम्मेदारियां सौंपने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

हालांकि, गडकरी ने न तो राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है और न ही मोदी सरकार से अलग होने की बात कही है। इसलिए उनके ताजा बयान को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आधिकारिक स्थिति स्पष्ट है कि फिलहाल उनके राजनीतिक भविष्य में बदलाव को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here