ऋषिकेश में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरने से शिवपुरी चौकी प्रभारी की मौत
ऋषिकेश। मुनि की रेती थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद निजी स्कॉर्पियो वाहन से चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई से शव को बाहर निकालने के लिए टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, एसआई विनोद शर्मा शिवपुरी चौकी में प्रभारी के पद पर तैनात थे। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
विनोद शर्मा पूर्व में सेना में भी सेवाएं दे चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं शुरू कीं। वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी विनोद शर्मा को जनता के बीच सक्रिय और लोकप्रिय पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता था। नशे के खिलाफ अभियान और कार्रवाई में उनकी विशेष सक्रियता रही। उनके निधन से पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।










