Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड उत्तराखंड में जनगणना-2027 की स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे भर...

उत्तराखंड में जनगणना-2027 की स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे भर सकेंगे परिवार की जानकारी

3
0

राज्यपाल ने स्व-गणना कर अभियान का किया शुभारंभ, सीएम धामी समेत कई मंत्रियों ने भी दर्ज की जानकारी

देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया सोमवार, 16 नवंबर से शुरू हो गई है। प्रदेशवासी 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने स्व-गणना कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्व-गणना की। जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य ने भी इस प्रक्रिया में भाग लिया।

जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्व-गणना प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार बढ़ाने के लिए एलईडी प्रचार वाहनों को भी रवाना किया गया। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस दौरान निदेशालय के संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, आरके बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार मौजूद रहे।

पोर्टल पर दर्ज करनी होगी परिवार और आवास की जानकारी

स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए प्रदेशवासी आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से संबंधित विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं। इस व्यवस्था के जरिए लोगों को अपनी सुविधानुसार घर बैठे जनगणना की जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा।

SE ID संभालकर रखें, सत्यापन के लिए होगी जरूरी

स्व-गणना पूरी करने के बाद नागरिकों को मिलने वाली विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) सुरक्षित रखनी होगी। एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक घरों में पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। जिन परिवारों की ओर से स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनके घर पहुंचकर प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दर्ज करेंगे।

जनगणना कार्य निदेशालय ने प्रदेशवासियों से निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना करने और प्रगणकों को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है और इसके सफल संचालन में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अहम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here