Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड IAS-PCS अधिकारियों के दायित्व बदले, आनंद श्रीवास्तव को कृषि एवं उद्यान की...

IAS-PCS अधिकारियों के दायित्व बदले, आनंद श्रीवास्तव को कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी

4
0

विजय कुमार जोगदंडे बने अपर सचिव गृह, दो अधिकारियों से वापस लिए गए अतिरिक्त दायित्व

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के कुल छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। देर रात जारी छोटी तबादला सूची में आईएएस आनंद श्रीवास्तव को महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था।

आनंद श्रीवास्तव को कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी

महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का पद इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना के पास था। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह जिम्मेदारी खाली थी। अब शासन ने आनंद श्रीवास्तव को यह दायित्व सौंपा है।

विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह

निर्वाचन से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अब अपर सचिव गृह का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस लिया गया है।

पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से भी अपर सचिव समाज कल्याण की जिम्मेदारी हटा दी गई है। बताया जा रहा है कि सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में बदलाव किया गया है।

सचिवालय सेवा के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों के दायित्व भी बदले गए हैं। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वहीं प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बड़ी तबादला सूची का इंतजार बरकरार

शासन स्तर पर हुए इन बदलावों को फिलहाल सामान्य प्रशासनिक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, प्रदेश में लंबे समय से प्रस्तावित बड़ी तबादला सूची को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में कई जिलों के जिलाधिकारियों, प्राधिकरणों और शासन स्तर के कुछ महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव हो सकते हैं। इसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी होने की बात सामने आ रही है। माना जा रहा है कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here