Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक से 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में कानूनगो...

पूर्व सैनिक से 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में कानूनगो निलंबित, डीएम ने दिए विभागीय जांच के आदेश

2
0

हल्द्वानी में जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत; एसडीएम की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन की कार्रवाई

हल्द्वानी: पूर्व सैनिक से जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संबंधित कर्मचारी पर पहले 9,700 रुपये और बाद में दस्तावेज लेने तथा तत्काल कार्रवाई करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कराई गई एसडीएम की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद निलंबन के आदेश जारी किए गए।

जमीन के सीमांकन को लेकर की थी शिकायत

मामला हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला क्षेत्र का है। पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपने प्लॉट पर अतिक्रमण होने की शिकायत की थी। उनका आरोप था कि उनकी जमीन के करीब साढ़े पांच फीट चौड़े और 80 फीट गहरे हिस्से यानी लगभग 440 वर्ग फीट क्षेत्र पर अतिक्रमण किया गया है। इस भूमि का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग से संपर्क किया था। 14 नवंबर को उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक को भी शिकायत भेजी थी।

सीमांकन और कार्रवाई के नाम पर मांगी रकम

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 नवंबर को सरकारी अवकाश होने के बावजूद उन्हें कार्यालय बुलाया गया। इस दौरान कानूनगो ने विवादित भूमि का निरीक्षण किया। आरोप है कि सीमांकन और कार्रवाई के नाम पर पहले 9,700 रुपये मांगे गए। इसके बाद दस्तावेज लेने और तत्काल कार्रवाई करने के एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई।

पूर्व सैनिक ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से शिकायत की। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए।

एसडीएम की जांच में आरोपों की प्रारंभिक पुष्टि

जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकारियों के सामने पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्य रखे। वहीं, संबंधित कानूनगो से भी स्पष्टीकरण लिया गया। एसडीएम की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि में रामनगर तहसील से संबद्ध

निलंबन अवधि के दौरान कानूनगो रमेश चंद्र को तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष विभागीय जांच के निर्देश भी दिए हैं।

गौरतलब है कि रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की भूमि से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आया था। हालांकि, मौजूदा मामले में निलंबन की कार्रवाई प्रारंभिक जांच के आधार पर की गई है। विभागीय जांच के निष्कर्षों के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here