यशपाल आर्य के साथ हंसते-मुस्कुराते तस्वीरें आईं सामने, पूर्व सीएम ने वीडियो को गलत तरीके से पेश करने का लगाया आरोप
देहरादून: बागेश्वर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई कथित खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुरू हुई चर्चाओं पर अब हरीश रावत ने सफाई दी है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को विवाद मानने से इनकार करते हुए इसे आपसी सम्मान और आत्मीयता का भाव बताया है। इस बीच दोनों नेताओं की साथ में हंसते-मुस्कुराते हुए कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनके बाद कांग्रेस के भीतर चल रही नाराजगी की चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की जा रही है।
हरीश रावत बोले- वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया
हरीश रावत ने कहा कि बागेश्वर के कार्यक्रम में ऐसा कोई विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। उनका उद्देश्य नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का सम्मान करना था, जबकि यशपाल आर्य भी उन्हें माला पहनाकर आदर व्यक्त करना चाहते थे। इसी दौरान दोनों के बीच माला पहनाने को लेकर आग्रह हुआ, जिसे कुछ लोगों ने गलत अर्थों में प्रस्तुत कर दिया।
हरीश रावत के मुताबिक, छोटे भाई होने के नाते यशपाल आर्य पहले उन्हें माला पहनाना चाहते थे, जबकि वह स्वयं यशपाल आर्य का सम्मान करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम आपसी आदर और आत्मीयता का प्रतीक था।
गलत प्रचार और दुष्प्रचार का लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने वायरल वीडियो को गलत प्रचार और दुष्प्रचार करार दिया। उनका आरोप है कि वीडियो के एक हिस्से को संदर्भ से अलग करके इस तरह दिखाया गया, मानो दोनों नेताओं के बीच विवाद या झगड़ा हुआ हो। उन्होंने मीडिया के कुछ लोगों पर भी भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस में नाराजगी की चर्चाओं को किया खारिज
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस के भीतर दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, दोनों नेताओं ने नाराजगी की बात को पहले ही नकार दिया था। अब साथ में सामने आई तस्वीरों के जरिए भी आपसी संबंध सामान्य होने का संदेश मिलता दिखाई दे रहा है।
हरीश रावत ने कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद सैलजा के मुस्कुराते व्यवहार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम का माहौल सामान्य और सौहार्दपूर्ण था। इसे बड़े भाई और छोटे भाई के बीच होने वाली सामान्य बातचीत की तरह ही देखा जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी में किसी तरह की नाराजगी होने से इनकार करते हुए कहा कि कुछ लोग सामान्य घटनाक्रम को विवाद का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।










