Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड उत्तराखंड में गर्मी का असर तेज, मैदानी इलाकों में पारा 42°C पार

उत्तराखंड में गर्मी का असर तेज, मैदानी इलाकों में पारा 42°C पार

7
0

देहरादून: 
उत्तराखंड में गर्मी का असर अब तेज होता जा रहा है। जहां पहाड़ी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 24 अप्रैल से पहाड़ी क्षेत्रों में बदलाव की संभावना है।

प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। बाजपुर और किच्छा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रामनगर, काशीपुर और रुड़की में पारा 41 डिग्री दर्ज किया गया। हल्द्वानी में 38 डिग्री और देहरादून में 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ, जिससे लू और तपिश का असर साफ नजर आ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश का तापमान सामान्य सीमा के आसपास है और अन्य राज्यों की तुलना में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच है, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है, लेकिन हीटवेव के मानकों में नहीं आता।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 और 25 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

इधर, ऊधम सिंह नगर जिले में संभावित हीटवेव को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्कूलों के समय में बदलाव के निर्देश जारी किए हैं। 22 अप्रैल से अगले एक सप्ताह तक आंगनबाड़ी और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 से 11:00 बजे तक, जबकि कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे।

प्रशासन ने आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और उल्लंघन की स्थिति में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here