Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड दून मेडिकल कॉलेज की मेस में 95 लाख की धोखाधड़ी का आरोप,...

दून मेडिकल कॉलेज की मेस में 95 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज

4
0

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों की मेस व्यवस्था में करीब 95 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने मेस मैनेजर अतीक अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े बैंक लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

मेस संचालन की मिली थी जिम्मेदारी

पुलिस के अनुसार, मेरठ निवासी निशांत यादव ने शिकायत में बताया कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के पुरुष और महिला छात्रावासों में मेस संचालन के लिए 1 दिसंबर 2023 को अनुबंध किया गया था। मेस की व्यवस्था, छात्रों से समन्वय और शुल्क जमा कराने की जिम्मेदारी अतीक अहमद को मैनेजर के तौर पर दी गई थी।

निजी खाते में जमा कराई मेस फीस

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अतीक अहमद ने छात्रों को कम कीमत में भोजन उपलब्ध कराने का भरोसा देकर मेस शुल्क की रकम अपने निजी बैंक खाते में जमा करानी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान वह मेस संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे निशांत यादव को भी लगातार गुमराह करता रहा।

मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से अप्रैल में निशांत यादव को करीब 7.98 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद मेस की आय और शुल्क को लेकर संदेह गहराया और पूरे मामले की पड़ताल शुरू की गई।

जांच में करीब 95 लाख रुपये का मामला सामने आया

शिकायत के मुताबिक, विस्तृत जांच में आरोप लगाया गया कि अतीक अहमद ने छात्रों से प्राप्त मेस शुल्क और संबंधित रकम में से करीब 95 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में जमा कराए। इसके बाद जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उसका मोबाइल बंद मिला। बताया गया कि वह अपने निवास स्थान से भी फरार है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, लेनदेन, मेस शुल्क से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here