Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, प्रशासन अलर्ट; निहंग प्रतिनिधियों से जारी...

पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, प्रशासन अलर्ट; निहंग प्रतिनिधियों से जारी है वार्ता

4
0

देहरादून,

 पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।

सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में सौहार्दपूर्ण वातावरण में लगातार वार्ता भी जारी है, ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन एवं पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है।

वहीं, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here