Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड स्कूल-कॉलेजों में मतदाता जागरूकता अभियान, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं से जोड़ेंगे युवा

स्कूल-कॉलेजों में मतदाता जागरूकता अभियान, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं से जोड़ेंगे युवा

4
0

प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीन चरणों में होने वाली इन प्रतियोगिताओं के जिला स्तरीय विजेताओं की घोषणा 22 नवंबर तक की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से सभी जिलाधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थी हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषा में निबंध लिख सकेंगे। विद्यालय स्तर पर निबंध की शब्द सीमा 500 से 800, जबकि महाविद्यालय स्तर पर 800 से 1200 शब्द रखी गई है।

वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग, मतदान तथा मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी। पहले चरण में 17 और 18 नवंबर को स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर विधानसभा क्षेत्रवार प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। संस्थानों में ईएलसी समन्वयक प्रतियोगिताओं का संचालन करेंगे। इसमें दोनों प्रतियोगिताओं से शीर्ष दो छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा।

दूसरे चरण में 19 और 20 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10 श्रेष्ठ प्रतिभागियों को चुना जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर अंतिम चरण की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले के शीर्ष 10 विजेताओं की घोषणा 22 नवंबर तक होगी।

नोडल स्वीप प्रकाश चंद्र दुम्का ने सभी स्कूलों और कॉलेजों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here