Home उत्तराखण्ड महिला कांस्टेबल के प्यार में पागल पुलिसकर्मी ने मौत को लगा लिया...

महिला कांस्टेबल के प्यार में पागल पुलिसकर्मी ने मौत को लगा लिया गले

49
0
SHARE

देहरादून साइबर थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने रुड़की सीपीयू में तैनात महिला कांस्टेबल के कमरे में प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने महिला कांस्टेबल के कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। महिला कांस्टेबल की सगाई तय होने से हेड कांस्टेबल परेशान था। इसके चलते ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस के मुताबिक देहरादून के प्रेम नगर निवासी नरेश चंद साइबर थाना देहरादून में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात थे। नरेश चंद का देहरादून के प्रेमनगर निवासी रुड़की सीपीयू में तैनात महिला कांस्टेबल के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

कुछ दिन पहले सिपाही की प्रेमिका की सगाई तय हुई थी। जिसे लेकर वह परेशान चल रहा था। वह अपनी प्रेमिका पर शादी न करने का दबाव बना रहा था। शनिवार को नरेश कुमार थाने में सूचना दिए बिना ही लापता हो गया था। उसने मोबाइल भी स्विच आफ कर लिया। इसके बाद साइबर थाने के अधिकारियों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। अधिकारियों ने सिपाही के मोबाइल की काल डिटेल और लोकेशन निकाली। उसकी लोकेशन रुड़की के बीएसएम तिराहे की मिली। साथ ही काल डिटेल से पता चला कि महिला सिपाही से उसकी लंबी बातचीत भी हुई। इसके बाद देहरादून साइबर थाने की पुलिस रुड़की पहुंची और गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। दो दिन से छुट्टी पर चल रही महिला कांस्टेबल भी रुड़की पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिला सिपाही से जानकारी ली तो प्रेम प्रसंग का पता चला। फोन लोकेशन के आधार पर गंगनहर कोतवाली पुलिस बीएसएम तिराहे पर पहुंची और महिला सिपाही के कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया। महिला सिपाही के कमरे के अंदर नरेश का शव कमरे की छत पर कुंडी से लटका था। सूचना मिलते ही एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह और सीओ पल्लवी त्यागी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जानकारी मृतक के स्वजन को दी। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि मृतक शादीशुदा था। दोनों का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि उसने प्रेमिका की सगाई से दुखी होकर आत्महत्या की है।