Home देश कहां मिले एक ही परिवार के 11 लोग फंदे में लटके हुए

कहां मिले एक ही परिवार के 11 लोग फंदे में लटके हुए

550
0
SHARE

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बेहद दर्दनाक घटना घटी है। यहां बुराड़ी के संत नगर इलाके में एक घर में 11 लोगों की फंदे से लटकी मिली लाश से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मरने वालों में 7 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। पुलिस का कहना है कि शवों में बच्चे भी हैं। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सभी शवों के मुंह और आंखों पर पट्टी बंधी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अब तक इन मौतों को संदिग्ध माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस परिवार का फर्नीचर और किराना की दुकान है। सभी घर के आंगन में लगे जाल से लटके हुए मिले हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक शख्स की नजर बुराड़ी के संत नगर के गली नंबर 2 स्थित इस परिवार के आंगन में गई। घर में 11 शवों को लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर 7.30 बजे पहुंची पुलिस ने शवों को फांसी के फंदों से उतार कर आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। पड़ोसियों का कहना है कि ये पूरा परिवार मिलनसार था। शनिवार की रात को भी आसपास के लोगों ने इस परिवार के लोगों को देखा था। देखकर ऐसा कभी नहीं लग रहा था कि इस परिवार पर कोई मुश्किल है। पुलिस ने बताया कि 11 लोगों के परिवार में दो भाई और उनकी पत्नियां थीं। दो लड़के करीब 16 से 17 साल के थे। मृतकों में एक बुजुर्ग मां और बहनें शामिल हैं। पुलिस इस परिवार के दूसरे लोगों की तलाश कर रही है और उनसे किसी भी प्रकार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि 9 शव घर में जाल से लटके मिले। एक खिड़की से और एक महिला बेडरूम में जमीन पर मिली हैं। कुछ शवों के हाथ पैर भी बंधे हुए हैं। यह चार मंजिला मकान है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सुसाइड का मामला मान रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। हालांकि उनका कहना है कि ये सुसाइड का मामला हो सकता है। शवों के मुंह और आंखों पर पट्टी बंधी हुई है। इससे ऐसा प्रतीत होता है वे एक साथ सुसाइड करते वक्त न एक दूसरे को देखना चाहते हों और न ही एक दूसरे की आवाज सुनना चाहते हों।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सुबह सात बजे के करीब लोगों की सूचना पर जब वह संत नगर के गली नंबर 2 स्थित इस घर में पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। कुछ शव घर की आंगन में लटके थे तो कुछ अंदर पंखे के सहारे लटके थे। यह बात पुलिस के मन में संदेह पैदा कर रहे हैं। पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है। कुछ लोग इस सामूहिक मौत को तंत्र मंत्र से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि सारी स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here