Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड मसूरी के रेस्टोरेंट में घुसकर युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, CCTV फुटेज...

मसूरी के रेस्टोरेंट में घुसकर युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, CCTV फुटेज वायरल

2
0

पेट्रोल पंप के पास हुई वारदात से मचा हड़कंप, शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की आरोपियों की पहचान

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में एक रेस्टोरेंट के भीतर घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हरियाणा से आए कुछ युवकों ने रेस्टोरेंट में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मसूरी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में कुछ युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिकायतकर्ता मनीष के अनुसार, हमले में वह और उसके साथी चोटिल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब भी पहना हुआ था।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई। वायरल फुटेज में कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में प्रवेश करते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वायरल फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया है और इसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के रेस्टोरेंट में घुसकर उनके और साथियों के साथ मारपीट की गई।

एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में जुटी पुलिस

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को जांच के दायरे में लेते हुए उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here