Home यातायात गौचर से जौलजीबी तक मेलों की रौनक, विकास योजनाओं से मजबूत होगा...

गौचर से जौलजीबी तक मेलों की रौनक, विकास योजनाओं से मजबूत होगा उत्तराखंड

1
0

सीएम धामी ने दोनों ऐतिहासिक मेलों का किया शुभारंभ, चमोली और पिथौरागढ़ को करोड़ों की योजनाओं की सौगात; लोक संस्कृति, व्यापार और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर दिया जोर

देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, ऐतिहासिक व्यापारिक परंपराओं और सामाजिक विरासत को सहेजने वाले गौचर और जौलजीबी के ऐतिहासिक मेलों का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। चमोली में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले और पिथौरागढ़ में काली-गोरी नदियों के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने इन आयोजनों को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और सीमांत क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण आधार बताया। इस दौरान उन्होंने दोनों जिलों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

गौचर में सात दिवसीय मेले का शुभारंभ पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, जौलजीबी में आयोजित ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन भी दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दोनों स्थानों पर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ इस मेले ने औद्योगिक और सांस्कृतिक स्वरूप हासिल किया। दूसरी ओर, जौलजीबी मेला भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। यह आयोजन दोनों देशों के नागरिकों को आपसी सौहार्द और परंपराओं के सूत्र में जोड़ता रहा है।

धामी ने कहा कि ऐसे मेले केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर देने वाले महत्वपूर्ण मंच हैं। इनके माध्यम से लोक कला, पारंपरिक व्यवसाय और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे स्थानीय उत्पादकों और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से भी चमोली सहित आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ की योजनाओं की सौगात

जौलजीबी मेले के मंच से मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूती

गौचर मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में पेयजल सुविधाओं से जुड़ी दो योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा गैरसैंण में 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए गए नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है।

सिमली अस्पताल के मुद्दे पर कमेटी बनाने का आश्वासन

गौचर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने और संबंधित पक्षों को सुनने का आश्वासन दिया। प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर गौचर में पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ तथा लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल कलाकारों की भागीदारी रही।

दोनों आयोजनों में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक, जिला पंचायत एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, व्यापारी, संस्कृतिकर्मी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here