अलाप्पुझा। अमेरिकी कारोबारी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद माइकल बोलोस निजी दौरे पर केरल के अलाप्पुझा पहुंचे। टिफनी ट्रंप के पति बोलोस ने यहां के प्रसिद्ध बैकवाटर की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर समेत अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी मौजूद रहा।

हाउसबोट से वेम्बनाड झील का किया भ्रमण
माइकल बोलोस और उनके प्रतिनिधिमंडल ने अलाप्पुझा के प्रसिद्ध बैकवाटर में हाउसबोट क्रूज किया। इस दौरान उन्होंने वेम्बनाड झील के प्राकृतिक परिवेश और केरल की पारंपरिक जीवनशैली को करीब से देखा। प्रतिनिधिमंडल के लिए स्पाइस रूट्स हाउसबोट की व्यवस्था की गई थी।
आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। कार्यक्रम के अनुसार दल शाम तक अलाप्पुझा में रहने के बाद कोच्चि लौटने वाला था।
पारंपरिक चंदन वल्लम का ट्रायल भी देखा
दौरे के दौरान अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के लिए केरल की पारंपरिक चंदन वल्लम यानी स्नेक बोट का ट्रायल रन देखने की भी व्यवस्था की गई। ये नौकाएं राज्य की प्रसिद्ध नेहरू ट्रॉफी बोट रेस से जुड़ी हुई हैं।
सुरक्षा कारणों के चलते अधिकारियों ने माइकल बोलोस की यात्रा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया।
अमेरिकी राजदूत से मुख्यमंत्री की आधिकारिक मुलाकात
माइकल बोलोस की निजी यात्रा के बीच अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन से भी आधिकारिक मुलाकात की। बैठक में मुख्य सचिव समेत राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उच्च शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति, निवेश और समुद्री विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केरल और अमेरिका के शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, फैकल्टी और छात्र आदान-प्रदान तथा नई तकनीकों के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने मुलाकात की खबरों को किया स्पष्ट
माइकल बोलोस और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत की कुछ मीडिया रिपोर्टों के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्थिति स्पष्ट की। कार्यालय के अनुसार राज्य सरकार को बोलोस की यात्रा की जानकारी पहले से थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से यात्रा का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया था।
माइकल बोलोस अमेरिकी कारोबारी और राजनयिक मासड बोलोस के बेटे हैं। उनकी शादी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप से हुई है। उनकी अलाप्पुझा यात्रा के चलते केरल के इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों और मीडिया का ध्यान आकर्षित हुआ।









