नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी प्रतिनिधियों और वीवीआईपी काफिलों की सुरक्षित आवाजाही के साथ आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बहुस्तरीय ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है।
Google Maps और Mappls पर मिलेंगे लाइव ट्रैफिक अपडेट
सम्मेलन के दौरान यातायात प्रतिबंधों और डायवर्जन की जानकारी लोगों तक तुरंत पहुंचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने Google Maps और Mappls के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय किया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित मार्गों, डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों की लाइव जानकारी इन ऐप्स को उपलब्ध कराई जाएगी।

इससे वाहन चालकों को मार्ग में बदलाव की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। यदि कोई चालक गलती से प्रतिबंधित मार्ग की ओर बढ़ता है, तो नेविगेशन के माध्यम से उसे उपलब्ध वैकल्पिक मार्ग की जानकारी दी जा सकेगी।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में कैब का पिक-अप और ड्रॉप बंद
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने Ola, Uber, Rapido और Bharat Taxi समेत ऐप आधारित कैब सेवाओं के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में कैब और टैक्सियों के पिक-अप एवं ड्रॉप की अनुमति नहीं होगी।
कैब कंपनियों को अपने ऐप में प्रतिबंधित क्षेत्रों की जियो-फेंसिंग करने तथा केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर पिक-अप एवं ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों को भी पार्टनर ऐप के माध्यम से ट्रैफिक एडवाइजरी और प्रतिबंधित मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
22 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार सम्मेलन के दौरान दिल्ली में 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट बनाए जाएंगे। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मीर दर्द चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस, जनपथ-कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, गोल डाकखाना और तीन मूर्ति मार्ग समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं।
इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, अकबर रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, पुराना किला रोड, सी-हेक्सागन और सफदरजंग रोड समेत 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इन मार्गों पर सामान्य निजी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
200 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग
नियंत्रित मार्गों के 200 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा पाए जाने पर उसे टो-ट्रक के जरिए हटाया जाएगा।
वहीं, दिल्ली की सीमाओं से होकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले गैर-गंतव्य भारी और मध्यम वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर 11 से 13 सितंबर तक प्रतिबंध रहेगा।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए आपातकालीन कॉरिडोर
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मरीजों, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए प्राथमिकता वाले कॉरिडोर चौबीसों घंटे उपलब्ध रखे जाएंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और यात्रा शुरू करने से पहले Google Maps या Mappls पर उपलब्ध लाइव ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें।









