Home राज्य समाचार नई दिल्ली रक्षा मंत्रालय की महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, 3 माह की गर्भवती...

रक्षा मंत्रालय की महिला अधिकारी की संदिग्ध मौत, 3 माह की गर्भवती थी नाजिया; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

3
0

नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय नाजिया खानम की 21 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार नाजिया तीन माह की गर्भवती थी। घटना के दो दिन बाद रविवार को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अप्रैल में हुई थी शादी

मृतका के भाई शादाब खान के मुताबिक, नाजिया की शादी इसी साल अप्रैल में आजम अली खान के साथ हुई थी और वह द्वारका क्षेत्र में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही नाजिया को पति, सास, ससुर और अन्य ससुराल वालों की ओर से कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिवार का दावा है कि नाजिया को गाली-गलौज, मारपीट, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। 21 अगस्त की तड़के करीब चार बजे नाजिया के ससुर ने मायके वालों को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

नाजिया के भाई का कहना है कि परिवार को उसकी मौत की परिस्थितियों पर गंभीर संदेह है। उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हैं।

परिवार का कहना है कि नाजिया मेहनती और महत्वाकांक्षी थी। उसने प्रतियोगी परीक्षा पास कर रक्षा मंत्रालय में ASO के पद पर नियुक्ति हासिल की थी। ऐसे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप

मायके पक्ष ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि वे 22 अगस्त से द्वारका सेक्टर-23 थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई। परिवार ने मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है।

मृतका के पिता अब्दुल तौवाब खान ने अपनी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर सरकारी नौकरी हासिल की थी और परिवार को उसकी मौत की सच्चाई सामने आने का इंतजार है।

पोस्टमार्टम के बाद जांच पर टिकी नजर

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही नाजिया की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here