Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब में ‘मिर्ची केक’ को पहला...

प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब में ‘मिर्ची केक’ को पहला पुरस्कार, अविशेष झा को मिले 5 लाख रुपये

4
0

इफ्फी-2026 में ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा, सत्य व्यास दूसरे और जितेश ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे; देशभर से मिलीं करीब एक हजार स्क्रिप्ट

देहरादून। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की गई। पणजी की कला अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में अविशेष झा की स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ को प्रथम पुरस्कार मिला। उन्हें पांच लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं, सत्य व्यास की स्क्रिप्ट ‘संहार’ को दूसरा और जितेश ठाकुर की ‘शरद पूर्णिमा’ को तीसरा पुरस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर रहे सत्य व्यास को तीन लाख और तीसरे स्थान के विजेता जितेश ठाकुर को दो लाख रुपये मिले।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य देश के उभरते लेखकों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों के लिए मौलिक कहानियों को दस भारतीय भाषाओं में प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।

दस दिन में मिलीं करीब एक हजार स्क्रिप्ट

‘पेज से पिच तक’ को देशभर के लेखकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। घोषणा के महज दस दिनों के भीतर करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं। आयोजकों के मुताबिक, यह युवा लेखकों की रचनात्मक क्षमता और कहानी कहने के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है।

पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे।

मजबूत पटकथा ही सफल फिल्म की बुनियाद

समारोह को संबोधित करते हुए पृथुल कुमार ने कहा कि देश के युवाओं की रचनात्मक क्षमता को पहचानना और उनकी कहानियों को सामने लाना जरूरी है। उन्होंने पटकथा लेखन को फिल्म निर्माण की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि एक आकर्षक पटकथा और मजबूत कहानी सफल फिल्म की बुनियाद होती है। फिल्म निर्माण में योजना का विशेष महत्व है और पटकथा इसी योजना का आधार तैयार करती है।

दूरदर्शन की महानिदेशक रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण में कहा कि यह पहल भारत की भाषाई और रचनात्मक विविधता को सामने लाने में मददगार होगी। उन्होंने उभरते लेखकों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विशेषज्ञ जूरी ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन

पिचिंग सत्र में चयनित दस प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित जूरी के सामने अपनी मौलिक पटकथाएं प्रस्तुत कीं। जूरी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज जोशी, लेखक एवं स्वतंत्र शोधकर्ता संदीप बालकृष्ण, फिल्मकार और संपादक श्रीनारायण सिंह तथा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार और फिल्म समीक्षक अनंत विजय शामिल रहे।

प्रतियोगिता में चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए। सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र और शीर्ष 30 चयनित लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते कहानीकारों और फिल्म उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। प्रसार भारती के अनुसार, यह एक वार्षिक पहल होगी, जिसके जरिए प्रतिभाशाली लेखकों को फिल्म उद्योग के पेशेवरों से जोड़ा जाएगा और उनकी पटकथाओं को फिल्मों, वृत्तचित्रों तथा लघु फिल्मों में बदलने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here