मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तैयार, सुरक्षा को लेकर रेल मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली: देश की महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। रेल मंत्रालय के अनुसार, कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में बिजली सप्लाई की व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। इसके लिए ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम को छोटे-छोटे हिस्सों में चालू किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के दौरान तकनीकी टीमें लगातार निगरानी रखेंगी, ताकि सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन हो सके।
मंत्रालय ने इस सेक्शन के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें लोगों से ओवरहेड बिजली लाइनों और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
508 किलोमीटर कॉरिडोर में 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। हाईस्पीड रेल नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाली इस तकनीक के माध्यम से ट्रेनों को बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। लगभग 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में बिजली आपूर्ति के लिए कुल 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं।
ये सबस्टेशन राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और उसे ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाएंगे। पूरे बिजली नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति को सुरक्षित, निर्बाध और भरोसेमंद बनाए रखना है।
सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में चार नदियों पर बने पुल
सूरत-बिलीमोरा सेक्शन करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेल मार्ग है। इस हिस्से में बुलेट ट्रेन जमीन से ऊपर बने वायाडक्ट पर दौड़ेगी। इस रेल मार्ग में चार नदियों पर निर्मित पुल भी शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज बनाया गया है।
परियोजना के तहत आसपास के क्षेत्रों में ट्रेन की आवाज के प्रभाव को कम करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस सेक्शन के वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं, जो ध्वनि के प्रभाव को कम करने में मदद करेंगे।
बुलेट ट्रेन के परिचालन की समयसीमा में बदलाव
इस बीच, बुलेट ट्रेन परियोजना के परिचालन की समयसीमा में भी बदलाव किया गया है। रेल मंत्रालय ने सूरत से वापी के बीच लगभग 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर सेवा शुरू करने का लक्ष्य अगस्त 2027 से बढ़ाकर वर्ष 2027 की आखिरी तिमाही कर दिया है। अब इस हिस्से में अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजली व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से चालू करना परियोजना के महत्वपूर्ण तकनीकी चरणों में से एक है। इसके बाद निर्धारित परीक्षण और सुरक्षा प्रक्रियाओं के आधार पर आगे की तैयारियां की जाएंगी।









