Home देश नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3...

नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा

3
0

नई दिल्ली। निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन खुदरा कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें शनिवार सुबह से देशभर में नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं।

कंपनी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते यह मूल्य संशोधन किया गया है। हालांकि, फिलहाल अन्य सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस तरह की बढ़ोतरी नहीं की है।

7,108 पेट्रोल पंपों पर लागू हुई नई दरें

नायरा एनर्जी देशभर में करीब 7,108 फ्यूल स्टेशनों का संचालन करती है। सूत्रों के अनुसार, शनिवार तड़के से इन सभी आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की संशोधित कीमतें लागू कर दी गईं। वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी के कारण ईंधन खुदरा कंपनियों पर बढ़े लागत दबाव के बीच यह फैसला लिया गया है।

मार्च में भी हुई थी कीमतों में बढ़ोतरी

इस साल मार्च में भी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। 26 मार्च को पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने पर कंपनी ने मार्च की बढ़ोतरी को वापस लेते हुए कीमतों में कमी की थी।

पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आए उतार-चढ़ाव का असर ईंधन की कीमतों पर पड़ा था। अब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और रिफाइंड उत्पादों की कीमतों में फिर बढ़ोतरी के बीच नायरा ने पेट्रोल-डीजल के दाम संशोधित किए हैं।

कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

पीटीआई के मुताबिक, नायरा एनर्जी के प्रवक्ता से इस मूल्य वृद्धि को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला था। नई कीमतों का असर नायरा के पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here