Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड एम्स ऋषिकेश में नौकरी के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, तीन आरोपी...

एम्स ऋषिकेश में नौकरी के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

2
0

नर्सिंग ऑफिसर और MTS के फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद, अभ्यर्थियों से लिए गए 2 लाख रुपये भी मिले

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश और सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में निर्माणाधीन एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित तौर पर ठगी करने वाले तीन लोगों को पकड़ा गया है। सुरक्षा विभाग की इंटेलिजेंस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर बैराज रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एम्स किच्छा के नाम पर जारी किए गए दो कथित फर्जी नियुक्ति पत्र और दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

एम्स प्रशासन के अनुसार, संस्थान को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग एम्स किच्छा में विभिन्न पदों पर भर्ती कराने का झांसा देकर युवाओं से रकम वसूल रहे हैं। शिकायतों के आधार पर एम्स प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू की।

अभ्यर्थी बनकर पहुंची टीम

जांच के दौरान सुरक्षा विभाग की इंटेलिजेंस टीम ने एक कर्मचारी को नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी के रूप में आरोपियों के पास भेजा। सूचना के मुताबिक आरोपी बैराज रोड पर एक क्रेटा कार में बैठकर अभ्यर्थियों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में जालसाजी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अभ्यर्थियों के नाम से तैयार नियुक्ति पत्र मिले। इनमें एक पत्र नर्सिंग ऑफिसर और दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) पद के लिए तैयार किया गया था। इसके अलावा अभ्यर्थियों से कथित तौर पर वसूले गए दो लाख रुपये भी बरामद किए गए।

पुलिस को सौंपे गए आरोपी

एम्स के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट अनिल चंद्र के मुताबिक, पूछताछ में तीनों आरोपियों के किच्छा क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा टीम ने आरोपियों को क्रेटा वाहन और बरामद दस्तावेजों के साथ एम्स ऋषिकेश की पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस स्तर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

युवाओं से सतर्क रहने की अपील

एम्स ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती ने युवाओं से नौकरी के नाम पर किसी भी बिचौलिए या एजेंट को पैसे नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश और एम्स किच्छा में भर्ती प्रक्रिया योग्यता और निर्धारित नियमों के अनुसार होती है। भर्ती से संबंधित आधिकारिक जानकारी संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध रहती है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी या नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एम्स प्रशासन या पुलिस को दी जानी चाहिए, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here