Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड नीति घाटी में डिजिटल क्रांति: सीमांत गांवों तक पहुंचा 4G नेटवर्क

नीति घाटी में डिजिटल क्रांति: सीमांत गांवों तक पहुंचा 4G नेटवर्क

15
0

चमोली (उत्तराखंड):
भारत-चीन सीमा से सटी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नीति घाटी में अब संचार सुविधाओं की नई शुरुआत हो गई है। केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने घाटी के दूरस्थ गांवों तक 4G मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा पहुंचा दी है।

27 अप्रैल को सफल ट्रायल के बाद नीति, क्यूंगलूनग और बमल्स गांवों में स्थापित तीन मोबाइल टावर अब पूरी तरह सक्रिय हो चुके हैं। इसके साथ ही वर्षों से संचार सुविधाओं से वंचित इन सीमांत क्षेत्रों के लोगों को पहली बार तेज इंटरनेट और बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी का लाभ मिलना शुरू हो गया है।

स्थानीय लोगों के लिए यह सुविधा किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। अब ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के कार्यों में आसानी होगी। वहीं सीमा पर तैनात भारतीय सेना के जवान भी अपने परिवारों से सीधे संपर्क कर सकेंगे।

संचार सेवाओं के शुरू होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्राकृतिक सुंदरता और सामरिक महत्व के लिए प्रसिद्ध नीति घाटी अब डिजिटल रूप से भी देश-दुनिया से जुड़ गई है।

नेटवर्क सेवा शुरू होने के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि यह पहल न केवल उनके जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास को भी नई दिशा देगी।

आज के दौर में मोबाइल कनेक्टिविटी एक आवश्यक जरूरत बन चुकी है। स्मार्टफोन के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और अन्य कई सेवाएं सुलभ हो गई हैं, ऐसे में सीमांत गांवों तक नेटवर्क पहुंचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here