Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड उत्तरकाशी में भालू का आतंक, एक ही दिन में युवक और महिला...

उत्तरकाशी में भालू का आतंक, एक ही दिन में युवक और महिला पर हमला; महिला गंभीर हालत में देहरादून रेफर

1
0

उत्तरकाशी। जिले में भालू के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रविवार को मोरी और डुण्डा विकासखंड के दो अलग-अलग गांवों में भालू ने एक युवक और महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर किया गया है।

पहली घटना रविवार सुबह मोरी विकासखंड के जखोल गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अभिषेक पुत्र सुबीलाल अपने बगीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालू के चंगुल से बचाया। इसके बाद घायल अभिषेक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वहीं, दूसरी घटना देर शाम डुण्डा विकासखंड के ठांडी गांव में सामने आई। यहां मकनी देवी अपनी छानी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून रेफर कर दिया।

एक ही दिन में दो अलग-अलग क्षेत्रों में भालू के हमलों से ग्रामीणों में भय के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में खेतों, बगीचों और छानियों तक जाना भी जोखिम भरा हो गया है। लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। ग्रामीणों ने संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वन्यजीव पशु विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। सर्दियों के मौसम में भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को जंगल और बगीचों की ओर अकेले जाने से बचना चाहिए। विशेषकर सुबह, शाम और रात के समय सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वहीं, ग्रामीणों ने विभाग से संवेदनशील गांवों में टीम तैनात करने और भालू की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here