Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के पास खाई की ढलान पर अटकी...

मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के पास खाई की ढलान पर अटकी एंबुलेंस, चालक-हेल्पर घायल

1
0

पैराफिट तोड़कर नीचे गई एंबुलेंस पत्थर पर रुकने से बड़ा हादसा टला, क्रेन की मदद से वाहन निकाला गया

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के पास एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ढलान पर जा पहुंची। गनीमत रही कि वाहन गहरी खाई में गिरने के बजाय एक बड़े पत्थर पर अटक गया। हादसे में चालक और हेल्पर को हल्की चोटें आईं। बाद में क्रेन की मदद से एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकराई

जानकारी के अनुसार, श्री हरि एंबुलेंस सर्विस की एंबुलेंस संख्या UK 14 TA 0775 उत्तरकाशी से देहरादून की ओर जा रही थी। भट्टा फॉल के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। एंबुलेंस सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए ढलान पर उतर गई और एक पत्थर में फंसकर रुक गई।

चालक और हेल्पर को आई हल्की चोटें

हादसे में एंबुलेंस चालक हृदय नंद यादव, निवासी पटेल नगर, देहरादून और हेल्पर नितिन, निवासी रामराज, उत्तर प्रदेश को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों और संबंधित टीम ने वाहन को निकालने की व्यवस्था की। क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित सड़क पर लाया गया।

ब्रेक नहीं लगने से हादसे की आशंका

मसूरी पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मोड़ पर ब्रेक नहीं लगने के कारण एंबुलेंस के अनियंत्रित होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

भट्टा फॉल के आसपास सड़क पर तीखे मोड़ और ढलान होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इस हादसे में एंबुलेंस का पत्थर पर अटक जाना राहत की बात रही, अन्यथा वाहन गहरी खाई में गिर सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here