देहरादून:
मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थानों और मौसम की स्थिति की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी और सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
डीएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए 24 घंटे सतर्क रहना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने एसओएस कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करते हुए सूचना के तेज और सटीक आदान-प्रदान पर जोर दिया।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।










