Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड प्रसूता को 3 किमी पैदल चलना पड़ा, रास्ते में हुआ प्रसव तो...

प्रसूता को 3 किमी पैदल चलना पड़ा, रास्ते में हुआ प्रसव तो ग्रामीणों ने खुद उठाए फावड़े

3
0

20 साल से सड़क का इंतजार कर रहे चमोली के ग्रामीणों ने श्रमदान से शुरू किया निर्माण; 50 से अधिक महिला, पुरुष और युवा सड़क कटिंग में जुटे

चमोली। पहाड़ों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति का एक और मामला सामने आया है। कर्णप्रयाग विकासखंड की ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक में सड़क नहीं होने के कारण 24 वर्षीय गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। इस घटना से आहत और वर्षों से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने अब शासन-प्रशासन के भरोसे रहने के बजाय खुद ही सड़क बनाने का बीड़ा उठा लिया है।

बृहस्पतिवार को मोली, गनोली, र्वेंठा और आसपास के गांवों के 50 से अधिक महिला, पुरुष और युवा ढोल-दमाऊं की थाप के बीच फावड़े लेकर सड़क कटिंग के काम में जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव तक सड़क नहीं पहुंच जाती, तब तक उनका श्रमदान जारी रहेगा।

2006 में हुआ था सड़क का सर्वे

ग्रामीणों के अनुसार, कांचुला-गैन-सैंजकट्टा मोटर मार्ग का वर्ष 2006 में सर्वे किया गया था। इस सड़क के जरिए डोंठला, गनोली, र्वेंठा, मौली, रोलजुवाड़ी, गैन और सजंकटा गांवों को जोड़ने की योजना थी। इसके लिए करीब सात किलोमीटर सड़क प्रस्तावित की गई थी।

वर्ष 2018 में वन अधिनियम के तहत सड़क को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली। इसके बाद कांचुला से गनोली के समीप तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण भी हुआ, लेकिन गनोली से मोली और गैन की ओर तीन किलोमीटर से अधिक हिस्सा अब तक अधूरा है। वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण सड़क निर्माण आगे नहीं बढ़ पाया और ग्रामीण आज भी पैदल आवाजाही करने को मजबूर हैं।

विधायक से भी लगाई थी गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए वे कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों से गुहार लगा चुके हैं। बीते अक्टूबर में उन्होंने विधायक से भी मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी, लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।

सड़क नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, बीमार लोगों और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है। हाल ही में प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और रास्ते में ही प्रसव हो गया। बाद में मां और नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों सुरक्षित बताए गए।

सड़क बनने तक जारी रहेगा श्रमदान

ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, अवतार सिंह और राजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन गांवों की सड़क की समस्या जस की तस बनी हुई है। लंबे समय से इंतजार करने के बाद ग्रामीणों ने अपने संसाधनों और श्रम से सड़क निर्माण शुरू करने का फैसला लिया है। उनका संकल्प है कि जब तक सड़क का काम पूरा नहीं होता, श्रमदान जारी रहेगा।

सरकारी व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों के इस कदम ने पहाड़ी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। 50 से अधिक ग्रामीणों का सड़क कटिंग में जुटना इस बात को दिखाता है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में लोगों को किस तरह मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग अधूरे मोटर मार्ग के लिए जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य पूरा कराएं, ताकि गर्भवती महिलाओं, मरीजों और बुजुर्गों को आपात स्थिति में पैदल रास्ता तय न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here