बाजार से दो किलोमीटर दूर पैदल पुल के पास मिला 33 वर्षीय महिला का शव, घर के अंदर बेड और फर्श पर मिले खून के निशान; आरोपी फरार
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र के खोतिला में एक 33 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर एक पैदल पुल के पास मिला। उसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। मामले में महिला के लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से नेपाल के दार्चुला की रहने वाली थी और वर्तमान में खोतिला क्षेत्र में रह रही थी। वह पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। इस दौरान वह खोतिला निवासी एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला की मौत की सूचना मिलने पर धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घर के अंदर मिले खून के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घर के अंदर भी खून के निशान मिले हैं। कमरे के बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे पाए गए। मौके से खून से सना तकिया और गद्दे के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इन सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया था।
धारचूला के प्रभारी थानाध्यक्ष अंबी राम आर्य के अनुसार, महिला की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित घर की जांच की। जांच के दौरान कमरे के बेड और फर्श पर खून के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस सभी साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। मृतका के बेटे की शिकायत के आधार पर लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। सीमांत क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।










