Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड उत्तराखंड STF का नशा तस्करी गिरोह पर शिकंजा, 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल...

उत्तराखंड STF का नशा तस्करी गिरोह पर शिकंजा, 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

19
0

हरिद्वार के भारापुर निवासी फारूख गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों के लिए उत्तराखंड में रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में करता था काम; मामले में अब तक पांच गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एसटीएफ ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी से जुड़े मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फारूख पुत्र महबूब निवासी ग्राम भारापुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी इस तस्करी नेटवर्क में रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर के तौर पर सक्रिय था। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

18 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल की बरामदगी से खुला था मामला

एसटीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मई 2026 में एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में थाना मंगलौर में मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/22/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना एसटीएफ देहरादून को सौंपी गई।

जांच के दौरान बैंक खातों के लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया गया। इसमें पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार प्रजापति निवासी मुजफ्फरनगर की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि वह जनवरी 2026 से सह-आरोपी सचिन मनिहाल से ट्रामाडोल कैप्सूल लेकर हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा था।

कमीशन काटकर पहुंचाता था रकम

एसटीएफ के अनुसार, प्रतिबंधित कैप्सूल की बिक्री से मिलने वाली रकम में से अपना कमीशन काटने के बाद शेष धनराशि सह-आरोपी को नकद और बैंक खातों के माध्यम से दी जाती थी। इस नेटवर्क में सलमान और उसके साथी फारूख सहित अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई।

विवेचना के दौरान फारूख की संलिप्तता से जुड़े बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

संगठित गिरोह के रूप में काम करने के साक्ष्य

एसटीएफ की जांच में प्रतिबंधित दवाओं की संगठित तरीके से तस्करी किए जाने के तथ्य सामने आने के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 भी जोड़ी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित नेटवर्क के माध्यम से प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।

फिलहाल एसटीएफ गिरफ्तार आरोपी के आगे और पीछे के नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों तथा डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसटीएफ ने आमजन से की अपील

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत नशे की तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी तरह की सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here