केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए खुशखबरी, अब केदारपुरी में ठहर सकेंगे 30 हजार तीर्थयात्री
केदारनाथ दाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं. इनके ठहरने के लिए 2000 से ज्यादा टेंट लगाए गए हैं. इसके साथ ही गढ़वाल विकास निगम मंडल ने भी 1000 टेंट लगाने की योजना बनाई.
उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केदारनाथ धाम में इस बार तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब केदारपुरी में 30 हजार तीर्थयात्री एक साथ ठहर सकेंगे. यह सुविधा राज्य सरकार, जिला प्रशासन, गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN), स्थानीय युवाओं और पुलिस बल के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है. तीर्थ यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और आवास की सीमित व्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पिछले वर्ष तक केदारनाथ में केवल 15 हजार तीर्थयात्रियों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध थी, जिसके कारण प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को असुविधा होती थी. भीड़ के दबाव में कई बार सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो जाती थीं. लेकिन इस बार स्थिति को सुधारने के लिए राज्य सरकार ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी.
GVNM ने हजारों टेंट लगाने की व्यवस्था की
गढ़वाल मंडल विकास निगम और निजी टेंट ऑपरेटरों के सहयोग से अब तक केदारनाथ में 2,295 टेंट लगाए जा चुके हैं, जिनमें 8,000 यात्रियों के ठहरने की क्षमता है. इसके साथ ही GMVN ने लगभग 1,000 और टेंट लगाने की योजना बनाई है. इन टेंटों को इस प्रकार स्थापित किया जा रहा है कि मौसम की प्रतिकूलता और आपात स्थिति में भी तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने टेंट व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, किराया नियंत्रण और सफाई व्यवस्था पर सख्ती से निगरानी के निर्देश दिए हैं. किसी भी तरह की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. यह व्यवस्था केदारनाथ धाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुखद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.










