Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में सीएम धामी ने दिया रात्रिभोज, नंदा राजजात...

प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में सीएम धामी ने दिया रात्रिभोज, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन; विकसित उत्तराखण्ड में भागीदारी का किया आह्वान

2
0

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत किया और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। विशेष रूप से नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश और दुनिया के जिस भी हिस्से में रहते हैं, वहां अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाते हैं। प्रवासी समाज के साथ इस तरह का आत्मीय मिलन राज्य और प्रवासियों के बीच भावनात्मक रिश्तों को और मजबूत करता है।

 

नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ें प्रवासी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों, परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना से है। प्रदेश से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना जरूरी है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

पैतृक गांवों के विकास में योगदान देने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने दिखाया देवभूमि का सांस्कृतिक वैभव

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड की लोकपरंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के साथ मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर आधारित नंदा राजजात की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं आस्था के साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।

कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत शामिल हुए।

इसके अलावा मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में उनकी निरंतर भागीदारी की उम्मीद जताई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here