उत्तराखंड एसटीएफ और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, पूछताछ में हिमाचल प्रदेश के कसोल से चरस लाकर बेचने की बात सामने आई
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नारकोटिक्स टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बैग से 1 किलो 108 ग्राम चरस बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात कही है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
एसटीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में टीम को आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना मिली। चेकिंग के दौरान उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके काले रंग के बैग से 1,108 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान युसुफ पुत्र तौसीफ, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी बताया गया है। एसटीएफ के मुताबिक, बरामद पदार्थ की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसमें चरस होने की पुष्टि हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। मामले में थाना क्लेमेंटाउन, देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठानी, कांस्टेबल रवि पंत, प्रदीप कुमार और दीपक नेगी शामिल रहे। थाना क्लेमेंटाउन की ओर से उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल रणवीर शाह ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने युवाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से किसी भी तरह के लालच में आकर नशे की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल नहीं होने का आग्रह किया।
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाने या उत्तराखंड एसटीएफ/एएनटीएफ को सूचित करें। विभाग ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य बनाने का संदेश भी दिया है।










