Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड ब्रह्मसैण में बढ़ा भू-धंसाव का खतरा, सड़क के साथ भवन भी चपेट...

ब्रह्मसैण में बढ़ा भू-धंसाव का खतरा, सड़क के साथ भवन भी चपेट में आने की आशंका

3
0

गोपेश्वर-घिंघराण मार्ग पर आवागमन प्रभावित, लगातार बारिश से हालात बिगड़े; ट्रीटमेंट योजना के बावजूद समस्या बरकरार

चमोली/देहरादून। गोपेश्वर जिला मुख्यालय को घिंघराण से जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर ब्रह्मसैण क्षेत्र में बढ़ते भू-धंसाव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क के निचले हिस्से में लगातार जमीन खिसकने से मार्ग की स्थिति खराब होती जा रही है। इसका असर अब सड़क तक दिखाई देने लगा है, जिससे छोटे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

ब्रह्मसैण क्षेत्र में भू-धंसाव की समस्या पिछले वर्ष से बनी हुई है। सड़क के नीचे जमीन खिसकने के बाद क्षेत्र के स्थायी उपचार के लिए कार्ययोजना तैयार की गई थी, लेकिन अब तक इसका अपेक्षित असर जमीन पर नजर नहीं आया है। लगातार हो रही बारिश ने समस्या को और गंभीर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सड़क से करीब 50 मीटर नीचे भू-धंसाव लगातार बढ़ रहा है। जमीन के खिसकने का असर धीरे-धीरे ऊपर सड़क तक पहुंच रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से फिलहाल सड़क को दुरुस्त रखने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भवन स्वामियों की बढ़ी चिंता

भू-धंसाव की जद में आने वाले क्षेत्र में बने आवासीय और व्यावसायिक भवनों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश के साथ जमीन खिसकने का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में सड़क के साथ आसपास की बस्ती के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

लोगों ने क्षेत्र में विशेषज्ञों की मदद से भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने और स्थायी उपचार कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल सड़क की मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि भू-धंसाव के मूल कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कर प्रभावी तकनीकी उपाय किए जाने जरूरी हैं।

भारी बारिश का अलर्ट भी बढ़ा रहा चिंता

उधर, प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम और बारिश के दौर ने पहाड़ी क्षेत्रों में खतरा और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

देहरादून में भी आसमान में आंशिक से लेकर सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा कुछ दौर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के बीच ब्रह्मसैण जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भू-धंसाव की स्थिति पर प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी बढ़ाना जरूरी माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here