Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड देहरादून हत्याकांड का खुलासा: डेटिंग ऐप से हुई थी पहचान, अनैतिक संबंध...

देहरादून हत्याकांड का खुलासा: डेटिंग ऐप से हुई थी पहचान, अनैतिक संबंध बनाने के विवाद में हुई ऑनलाइन ट्रेडर की हत्या

6
0

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडर दीपक गुप्ता की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक मृतक का परिचित था, जिसकी पहचान एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम देवऋषि एन्क्लेव स्थित आवास में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके से हिरासत में लिए गए 20 वर्षीय रोहन प्रजापति से पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

जांच में पता चला कि रोहन प्रजापति देहरादून के एक निजी कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। उसकी पहचान दीपक गुप्ता से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने के उद्देश्य से दीपक के संपर्क में आया था और घटना से पहले भी एक बार उसके घर जा चुका था।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों के बीच कथित तौर पर अनैतिक संबंध बनाने के दबाव को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान आरोपी ने दीपक के हाथ से चाकू छीन लिया और गर्दन, चेहरे, हाथ तथा गाल पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण दीपक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here