Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड देहरादून में गर्मी का प्रकोप, तापमान 40°C के करीब; लू की चेतावनी...

देहरादून में गर्मी का प्रकोप, तापमान 40°C के करीब; लू की चेतावनी जारी

4
0

देहरादून।

कभी सुहावने मौसम के लिए पहचानी जाने वाली दून घाटी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से तीन डिग्री ज्यादा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि बाजारों में भी भीड़ कम देखने को मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने लू चलने की चेतावनी जारी की है और अनुमान जताया है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

गर्मी के बढ़ते प्रभाव के चलते लोग आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और सिर व चेहरे को ढककर सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं। बदलते मौसम ने देहरादून की उस पहचान को चुनौती दी है, जो इसे एक ठंडे और सुहावने शहर के रूप में स्थापित करती थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here