पिता की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू, मानसिक प्रताड़ना और अतिरिक्त पैसे मांगने के आरोप
देहरादून। राजधानी देहरादून के श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली पीजी छात्रा डॉ. तनवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने मेडिकल शिक्षा जगत में सनसनी फैला दी है। इस मामले में मृतका के पिता डॉ. ललित मोहन ने कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पटेलनगर क्षेत्र स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज की एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी की छात्रा डॉ. तनवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सड़क किनारे खड़ी अपनी कार में अचेत मिलीं। परिजनों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और महंत इंद्रेश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता डॉ. ललित मोहन, निवासी मॉडल टाउन अंबाला सिटी (हरियाणा), ने कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2023 से एमएस (नेत्र रोग) की पढ़ाई कर रही तनवी पिछले कुछ महीनों से तनाव में थीं। आरोप है कि दिसंबर 2025 में विभागाध्यक्ष बदलने के बाद उनकी लॉग बुक में कम अंक दिए जाने लगे और उन्हें फेल करने की धमकी दी जाती थी। साथ ही फीस जमा होने के बावजूद अतिरिक्त पैसों की मांग भी की जा रही थी।
घटना से पहले तनवी ने अपने पिता से फोन पर बात कर परेशानी बताई थी और रात 11:15 बजे घर आने का मैसेज किया, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया। परिजन अंबाला से देहरादून पहुंचे और अस्पताल मार्ग पर कार में उन्हें अचेत पाया। कार अंदर से लॉक थी, हाथ में कैनुला लगा था और अंदर इंजेक्शन से जुड़ी सामग्री मिली।
महंत इंद्रेश अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि छात्रा मानसिक स्वास्थ्य उपचार ले रही थीं और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थीं।
एसएसआई पटेलनगर प्रमोद शाह ने बताया कि डॉ. ललित मोहन की तहरीर पर डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।









