Home राज्य समाचार उत्तराखण्ड चंपावत में STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की चरस के साथ...

चंपावत में STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

9
0

लोहाघाट से चरस एकत्र कर बरेली में बेचने की फिराक में था आरोपी, STF और पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 किलो 100 ग्राम चरस की बरामद

देहरादून/चंपावत। उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। STF और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जिला चंपावत के रूप में हुई है।

बरेली में बेचने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्र कर उसे उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टीम मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों की निगरानी और उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी STF

STF अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। चरस की आपूर्ति के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और आरोपी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच का उद्देश्य इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाना है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार शामिल रहे। वहीं, लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, आरक्षी कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे।

STF की आमजन से अपील

STF ने आमजन से मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here