Home राज्य समाचार उत्तरप्रदेश सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, उत्तराखंड-यूपी के बीच लंबित...

सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, उत्तराखंड-यूपी के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों पर हुई चर्चा

16
0

लखनऊ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में हुए समझौतों को लागू करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों के साथ बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुराने पुलों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण का विषय भी उठाया। उन्होंने कहा कि ये कार्य स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन को सुगम बनाने और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर करने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

किसानों और स्थानीय लोगों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और संबंधित पुलों की मरम्मत से स्थानीय लोगों के साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा। इन कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

परिसंपत्तियों के बंटवारे और हस्तांतरण पर भी मंथन

बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने और पहले लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर अनेक प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई भी पूरी की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित मामलों का भी आपसी सहमति से जल्द निस्तारण होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्ति संबंधी मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here