Home उत्तराखण्ड रेखा आर्या ने वसुकेदार में सुनी जन समस्याएं, जनहित के मुद्दों पर...

रेखा आर्या ने वसुकेदार में सुनी जन समस्याएं, जनहित के मुद्दों पर ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों को दिया कड़ा संदेश।

4
0
SHARE

रुद्रप्रयाग: प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को जिले के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वसुकेदार में ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर, स्थानीय निवासियों के सामने आ रही समस्याओं को सुना और उन्हें जल्द से जल्द हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण भी किया जिस पर जनता ने उनका आभार प्रकट किया। मंत्री रेखा आर्या बोलीं कि प्रदेश की जनता हमारे लिए देवतुल्य है और हम उनके सुगम जीवन हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं।

आज के कार्यक्रम के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने, क्षेत्र से जुड़ी जिन योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन पर संबंधित अधिकारियों को आचार संहिता से पहले कार्य को शुरू करने के लिए निर्देशित किया और कार्य ना किये जाने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।

शुक्रवार के बहुउद्देशीय शिविर में अनुपस्थिति के चलते लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता से मंत्री ने स्पष्टीकरण मांगा और मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग को अधिकारी का वेतन रोकने के लिए आदेशित कर दिया।

रेखा आर्या की ओर से शिविर में पहुंचे अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अगर भविष्य में इस प्रकार का गैर जिम्मेदाराना रवैया दोहराया गया तो उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी तय समय सीमा के भीतर जन समस्याओं का समाधान करने के लिए निर्देशित हैं और इस विषय पर कोई लापरवाही सरकार द्वारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों से भी भेंट की और महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की।

जनता दरबार के बाद मंत्री रेखा आर्या ने अगस्त्यमुनि नगर में, भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की और प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर विचार विमर्श किया।

क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों व् कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नेतृत्व कुशलता का जन-जन तक प्रचार करें और लोक कल्याण के चलाई जा रही योजनाओं के बारे में अंतिम व्यक्ति तक को जानकारी उपलब्ध कराएं।

मंत्री बोली कि क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और उन्हें पूरा यकीन है कि इन सभी की मेहनत रंग लाएगी और केदारनाथ विधानसभा में एक बार फिर से भाजपा की विजय पताका लहराएगी।

इस बैठक से पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के युवा कार्यकर्ताओं और यूथ फाउंडेशन से प्रशिक्षित युवाओं के एक दल ने भी मंत्री रेखा आर्या से भेंट की।

इन कार्यक्रमों में मंत्री रेखा आर्या के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग अमरदेई शाह, मंडल अध्यक्ष अनील कोठियाल, मंडल अध्यक्ष अगस्त्यमुनि नगर बीना राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय कपरवान, बचस्पति सेमवाल, जिला प्रशासन के अधिकारी, समेत अनेक वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।