Home उत्तराखण्ड जामा मस्जिद के इनामी मुतवल्ली खालिद मंसूरी को यूपी पुलिस ने पकड़ा,...

जामा मस्जिद के इनामी मुतवल्ली खालिद मंसूरी को यूपी पुलिस ने पकड़ा, सेलाकुई से किया गिरफ्तार

16
0
SHARE

जामा मस्जिद के इनामी मुतवल्ली खालिद मंसूरी को यूपी पुलिस ने पकड़ा, सेलाकुई से किया गिरफ्तार

वर्ष 2017 में खालिद मंसूरी पर उत्तरप्रदेश के कुतुबशेर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

देहरादून की विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की जामा मस्जिद का मुतवल्ली और भाजपा नेता खालिद मंसूरी को उत्तरप्रदेश पुलिस ने सेलाकुई से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पर विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में जुआ अधिनियम और शांति भंग के तहत मुकदमा दर्ज है। खालिद मुतवल्ली बनने के बाद से लगातार विवादों में था।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में खालिद मंसूरी पर उत्तरप्रदेश के कुतुबशेर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने खालिद पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर शाम को पुलिस ने खालिद को सेलाकुई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, सेलाकुई थाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।

खालिद के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में जुआ अधिनियम और शांतिभंग के तहत मुकदमे दर्ज हैं। बड़ा सवाल यह है कि खालिद करीब पांच साल से क्षेत्र में रह रहा था। कोतवाली क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में दी तहरीर में उसके अपना पता मारटडेंल बताया था। लेकिन, बड़े स्तर पर लगातार सत्यापन अभियान चला रही पुलिस को इनामी बदमाश की शहर में मौजूदगी का पता नहीं चल पाया।

30 नवंबर 2023 को बना था मस्जिद का मुतवल्ली
खालिद करीब एक साल पहले जामा मस्जिद का मुतवल्ली बना था। उसके मुतवल्ली बनने से मस्जिद से जुड़ा एक बड़ा वर्ग खफा था। उसकी आपराधिक प्रवृति को लेकर लगातार वक्फ बोर्ड से उसे हटाने की शिकायत की जा रही है। कुछ समय पूर्व मज्सिद में इसे लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। जिसमें क्रास मुकदमा दर्ज हुआ था।

भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में विभिन्न पदों पर रहा
जानकारी के अनुसार खालिद भाजपा के कुछ नेताओं के करीब था। वक्फ बोर्ड में भी उसकी ऊंची पहचान थी। यही कारण था कि भारी विरोध के बाद भी उसे विकासनगर स्थित जामा मस्जिद का मुतवल्ली बनाया गया। लगातार विरोध के बीच भी वह पद पर बना रहा।

कोतवाली चौकी में आए दिन था जाना आना
खालिद लगातार विवादों में रहता था। विवादों को लेकर कोतवाली और चौकी में उसका लगातार आना जाना लगा रहता था। उसके बाद भी वह पुलिस की नजर से लगातार बचता रहा।

फरार आरोपी की गिरफ्तार की सूचना मिल गई है। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच लगातार सूचनाओं का आदान प्रदान किया जा रहा था। खालिद विकासनगर जामा मस्जिद में मुतवल्ली और हाल में वहीं रह रहा था।
– अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून